बीएड इंट्रेंस में लड़कियों ने फिर लड़कों को पछाड़ा
फैजाबाद। उत्तर प्रदेश की बीएड प्रवेश परीक्षा में एकबार फिर लड़कियां ही अव्वल रही हैं। प्रदेश भर में एक लाख सीटों के लिए परीक्षा देने वाले साढ़े तीन लाख विद्यार्थियों में से पौने दो लाख से ज्यादा केवल छात्राएं ही उत्तीर्ण हुई हैं। शुक्रवार को जारी हुए रिजल्ट के बाद डाक्टर राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय की बेवसाइट पर लम्बे समय तक जाम की स्थिति रही। रजिस्ट्रार एसके शुक्ला ने बताया कि इस बार एक जून से काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
बीएड इंट्रेंस 2012 में प्रदेश के 672 सेंटरों पर 374462 आवदकों ने पंजीकरण कराया था। जबकि गोरखपुर, आगरा, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, आजमगढ़ जौनपुर, इलाहाबाद और वाराणसी समेत 25 सेंटरों पर कुल 354097 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें से कुल 347447 विद्यार्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया गया। इसमें से कुल 189912 छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। जबकि 157535 छात्र पास हुए हैं। इसमें 5158 विकलांग और 614 नेत्रहीन हैं। इन विद्यार्थियों की काउंसिलिंग के बाद प्रदेश भर के 1000 कालेजों में बीएड की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।

