कृषि इंजीनियरिंग छात्राओं के हास्टल में साफ पानी तक नहीं
कानपुर। गर्मी के मौसम में गंदा पानी अक्सर बीमारी का न्यौता लेकर आता है लेकिन जब यह बीमारी सरकार की ओर से संचालित विश्वविद्यालय में आने की आशंका हो तो चिंता बढ़ जाती है। ऐसा ही कुछ हाल आजकल चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के छात्रावासों में बदहाली आजकल छात्रों के लिए समस्या का सबब बन गई है। यहां के गृहविज्ञान छात्रावास, अहिल्या बाई छात्रावास, गोदावारी और झलकारी बाई छात्रावास में पीने का साफ पानी तक नहीं उपलब्ध है। यह खुलासा खुद मौजूदा कुलपति प्रोफेसर अशोक कुमार के छात्रावास के दौरे के बाद हुआ है। वीसी ने जब छात्राओं से बात की तो पता चला कि उनको बिजली और पानी जैसी आधारभूत समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। हास्टलों में आरो और एक्वागार्ड तक खराब हैं। स्टूडेंट को वाई-फाई और इंटरनेट की सुविधा तक नहीं हैं। छात्र-छात्राओं ने इस समस्या से वीसी को रू-ब-रू कराया। अहिल्याबाई छात्रावास के डाइनिंग हाल की खस्ता हाल देखकर वीसी हैरान रह गए। उन्होंने छात्रावास अधीक्षक को समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए। वीसी ने कर्पूरी ठाकुर छात्रावास का भी दौरा किया। मीडिया प्रभारी डाक्टर नौशाद खान ने बताया कि शनिवार को कुलपपति अन्य छात्रावासों का दौरा कर छात्र समस्याओं का निस्तारण करेंगे।

