आईएमए शताब्दी समारोह : टैक्स गुरु ने दिए डाक्टरों को टिप्स
कानपुर। चिकित्सा के क्षेत्र में सौ वर्ष से अनूठा योगदान दे रही संस्था इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पहले समारोह में टैक्स गुरू सुभाष लखोटिया ने जागरूकता व्याख्यान दिया। आईएमए के समारोह में मंडलायुक्त मुकुल सिंघल ने युवाओं को गांवों में जाकर शुरूआती प्रैक्टिस की सलाह दी जिससे चिकित्सक जनता की वास्तविक तकलीफ को महसूस कर सकें।
आईएमए के अध्यक्ष डाक्टर एस के मिश्रा ने बताया कि इस गौरवशाली इतिहास को शहर के चिकित्सकों ने सौ साला जश्न के रूप में मनाने का फैसला किया है। जिसमें सेवा भाव का अहसास भी हो और संस्कृति की झलक भी। इसी कवायद में 24 से 27 मई तक शताब्दी महोत्सव का आयोजन होगा, जहां पर देश भर के कलाकारों और विशेषज्ञों का जमावड़ा लगेगा। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण में शहरवासियों को जागरूक भी किया जाएगा। टैक्स गुरू लखोटिया ने इस मौके पर मौजूद चिकित्सकों के सवालों का जवाब भी दिया।
आयोजक चेयरमैन डाक्टर एस के कटियार ने शहर में लगातार चिकित्सकों की भूमिका और उनके योगदान की सराहना की। डाक्टर प्रवीण कटियार ने बताया कि 20 मई को मुम्बई के डाक्टर कुशल मित्तल खुशहाल जीवन पर व्याख्यान देंगे। इसमें केवल कपल ही भाग ले सकते हैं। समारोह में डाक्टर आर एन चौरसिया, डाक्टर एसी अग्रवाल और डाक्टर राकेश जैन मौजूद रहे।

