100 years Journey : Cawnpore to Indian Medical Association
कानपुर। चिकित्सा के क्षेत्र में आज से ठीक सौ वर्ष एक अनूठा कदम उठाया गया गया था। वह कदम था कानपुर के गरीबों के अंग्रेजी इलाज का और इलाज मुहैया कराने वाली संस्था थी Cawnpore medical association! 1912 में स्थापित की गई यह संस्था बाद में समूचे देश में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के नाम से जानी गई। सौ वर्षों के इस गौरवशाली इतिहास को शहर के चिकित्सकों ने सौ साला जश्न के रूप में मनाने का फैसला किया है। जिसमें सेवा भाव का अहसास भी हो और संस्कृति की झलक भी। इसी कवायद में 24 से 27 मई तक शताब्दी महोत्सव का आयोजन होगा, जहां पर देश भर के कलाकारों और विशेषज्ञों का जमावड़ा लगेगा। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण में शहरवासियों को जागरूक भी किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए आईएमए के अध्यक्ष डाक्टर एस के मिश्रा ने बताया कि शहरवासियों के बेहतर स्वास्थ और जागरूकता के लिए इस मौके पर विशाल मेला भी लगाया जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य प्रदर्शनी का आयोजन होगा। आयोजक चेयरमैन डाक्टर एस के कटियार ने बताया कि कार्यक्रमों का शुभारंभ छह मई से होगा। इसमें टैक्स विशेषज्ञ सुभाष लखोटिया आयकर को लेकर व्याख्यान देंगे। डाक्टर प्रवीण कटियार ने बताया कि स्वास्थ्य जागरूकता परक कार्यक्रमों में शामिल होकर शहरवासी अपने वह परिवार की सेहत दुरुस्त रख सकते हैं। 20 मई को मुम्बई के डाक्टर कुशल मित्तल खुशहाल जीवन पर व्याख्यान देंगे। शताब्दी महोत्सव में आकर्षण का केंद्र रहेगी वॉक फार हेल्थ रैली। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कवि सम्मेलन, हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का शो और सिंगर अभिजीत नाइट आकर्षण का केंद्र रहेगी। डाक्टर पीपी सिंह और डाक्टर राजन लूथरा ने बताया कि छह मई को होने वाले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त मुकुल सिंघल होंगे। डाक्टर आर एन चौरसिया, डाक्टर एसी अग्रवाल और डाक्टर राकेश जैन ने बताया कि कवि सम्मेलन के मुख्य आकर्षण पद्म श्री गोपाल दास नीरज होंगे।

